काजल के फायदे और नुकसान

आँखों की खूबसूरती निखारने के लिये काजल, सुरमा आदि चीजों का प्रयोग पुराने समय से ही किया जाता रहा है। पहले की स्त्रियाँ काजल घर में बना कर प्रयोग करती रही हैं। छोटे बच्चों को भी प्रारंभ से ही घर में बना हुआ काजल आँखों में लगाया जाता है। यह माना जाता है कि ऐसा करने से उनकी आँखें स्वस्थ रहती हैं तथा आकार में भी बड़ी होती हैं। यद्यपि अब डॉक्टर बच्चों की आँख में काजल लगाने का समर्थन नहीं करते। उसका कारण यह भी है कि यदि सावधानी से काजल न बनाया जाये या लगाते समय उँगलियों की स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जाये तो लाभ के स्थान पर कई तरह के संक्रमण को यह जन्म देता है। अतः छोटे बच्चों की आँखों में प्रायः अब इसका प्रयोग नहीं किया जाता है।
यद्यपि गाँवों या छोटे शहरों में ये चलन बरकरार है।आधुनिक समय में स्त्रियों के लिए इतनी तरह के काजल बाजार में उपलब्ध हैं कि घर के बने काजल का प्रयोग कम हो गया है। बाजार में मिलने वाले काजल के चुनाव में भी सावधानी की आवश्यकता होती है। किसी किसी काजल में लेड तथा अन्य हानिकारक तत्वों की अधिकता से लाभ के स्थान पर हानि हो जाती है।
लाभ-
वैसे तो काजल का प्रयोग करने के बहुत से फायदे हैं।परन्तु काजल की क्वालिटी का ध्यान अवश्य रखें। सवाल आँखों की सुरक्षा का है तो घटिया काजल बिल्कुल प्रयोग न करें।
1- आँखों को बड़ा और खूबसूरत दिखाता है।
2- आँखों को धूप की हानिकारक किरणों से बचा कर सुरक्षा देता है।
3- यदि काजल अच्छा हो तो आँखों की रोशनी बढ़ाने में सक्षम है। पर इसके लिए सही विधि से बनाया हुआ घर का बना काजल अधिक कारगर है।
4- आँखों में ताजगी लाता है।
5- आँखों की सूजन को किसी हद तक छुपाने में समर्थ है।
6- डार्क सर्कल्स को कम दिखाता है। ऐसा इसलिए है कि ध्यान काजल पर जाता है तो डार्क सर्कल्स की समस्या गौड़ हो जाती है, परन्तु खराब काजल समस्या को बढ़ा भी सकता है।
हानि-
काजल लगाने के जहाँ इतने लाभ हैं वहीं हानियाँ भी होती हैं और हमें उन पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।
1- आँखों में एलर्जी की समस्या हो सकती है।
2- आँखों से लगातार पानी बह सकता है।
3- आँखों में सूखा पन या ड्राइनेस आ सकती है।
4- जलन या संक्रमण हो सकता है।
5- यदि काजल में लेड का प्रयोग अधिक हुआ है तो शरीर के लिये भी हानिकारक है।
6- खराब काजल के उपयोग से आँखों के आसपास की त्वचा का ढीला होना
7- डार्क सर्कल्स बढ़ सकते हैं।
हर चीज के कुछ फायदे तथा कुछ नुकसान होते ही हैं। आपको काजल सूट करता है तो अवश्य प्रयोग करिए परन्तु चयन सावधानी से करें।
अर्चना सक्सेना
What's Your Reaction?






